Exclusive: हरियाणा स्टीलर्स के हर एक प्लेयर का टारगेट PKL 10 का फाइनल खेलना है: मोहित नांदल
टीम का परफॉर्मेंस PKL 10 में अभी तक काफी अच्छा रहा है।
हरियाणा स्टीलर्स ने प्रो कबड्डी लीग के 10वें सीजन (PKL 10) में अभी तक काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम ने अभी तक कुल मिलाकर पांच मैच खेले हैं, जिसमें से टीम को चार मैचों में जीत मिली है और सिर्फ एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। इससे पता चलता है कि हरियाणा स्टीलर्स का प्रदर्शन कितना अच्छा रहा है। टीम के राइट कवर स्पेशलिस्ट और कप्तान मोहित नांदल का परफॉर्मेंस भी बढ़िया रहा है। उन्होंने अभी तक 5 मैचों में 15 प्वॉइंट हासिल किए हैं और टीम की जीत में अहम योगदान दिया है। खेल नाउ के साथ मोहित नांदल ने एक्सक्लूसिव बातचीत के दौरान कई चीजों को लेकर प्रतिक्रिया दी।
कबड्डी की शुरुआत
मोहित नांदल ने बताया कि उनके कबड्डी की शुरुआत किस तरह से हुई थी और किस तरह से वो पीकेएल का हिस्सा बने। दिग्गज डिफेंडर ने कहा “सबसे पहले मैंने अपने गांव में कबड्डी खेलना शुरु किया था। मेरे गांव में जो कबड्डी टीम थी, उसके कोच मेरे अंकल थे। वो मुझे अपने साथ ग्राउंड में लेकर जाते थे। फिर ताऊ ने कहा कि पढ़ाई में मन नहीं लगता है तो कबड्डी स्टार्ट करवा दो। इसके बाद मैं नेशनल में भी खेला और फिर घरवाले पूरी तरह से आश्वस्त हो गए कि तुम्हें अब कबड्डी ही खेलना है। फिर मैं दिल्ली आ गया और यहीं पर मेरा चयन पीकेएल में भी हुआ।”
कप्तान बनने का एक्सपीरियंस
हरियाणा स्टीलर्स ने मोहित नांदल को भी इस सीजन कप्तान बनाया है। उन्होंने बेंगलुरू बुल्स के खिलाफ मैच में कप्तानी की थी और टीम को जीत दिलाई थी। हरियाणा जैसी बड़ी टीम का कप्तान बनने से मोहित नांदल काफी खुश हैं।
उन्होंने इसको लेकर कहा “कप्तान बनना मेरे लिए काफी बड़ी बात है। मैं दो सीजन तक न्यु यंग प्लेयर के तौर पर खेला। इस बार मुझे कप्तानी मिल गई और टीम के साथ मेरा तालमेल काफी शानदार है। टीम मैनजमेंट से मुझे काफी सम्मान मिला है। हरियाणा स्टीलर्स में ये चीज मुझे काफी अच्छी लगी। मैं हरियाणा स्टीलर्स टीम के साथ ही रहना चाहता हूं।”
जयदीप दहिया के साथ बॉन्ड
मोहित नांदल के अलावा जयदीप दहिया भी हरियाणा स्टीलर्स के कप्तान हैं और ज्यादातर मैचों में उन्होंने ही कप्तानी की है। मोहित के मुताबिक उनके और जयदीप दहिया के बीच का तालमेल काफी जबरदस्त है और मैच के दौरान दोनों ही खिलाड़ी एक दूसरे से चर्चा करते रहते हैं।
दिग्गज डिफेंडर ने कहा “जयदीप दहिया के साथ मेरा तालमेल काफी अच्छा है। हम स्टार्टिंग से ही साथ खेल रहे हैं। नेशनल गेम में एकसाथ खेला था, हरियाणा के लोकल टूर्नामेंट्स में भी साथ थे। अब यहां भी साथ में खेल रहे हैं और हम दोनों एक ही रूम में रहते हैं। अच्छी बात है कि हरियाणा ने हम दोनों को ही कप्तानी दी है। हम आपस में चीजों को लेकर चर्चा करते हैं और उसके बाद कोच से भी बात होती है।”
सिद्धार्थ देसाई के टीम में होने का फायदा
हरियाणा की टीम ने इस बार काफी महंगे दाम में सिद्धार्थ देसाई जैसे रेडर को खरीदा था। हालांकि उनका प्रदर्शन अभी तक उतना अच्छा नहीं रहा है लेकिन मोहित नांदल के मुताबिक सिद्धार्थ के टीम में होने से यंग प्लेयर्स को काफी मोटिवेशन मिलता है। उन्होंने कहा “सिद्धार्थ देसाई जैसे सीनियर प्लेयर का होना टीम में काफी अहम है, क्योंकि इससे युवा खिलाड़ियों को काफी मदद मिलती है। वो यंग प्लेयर्स को काफी अच्छी तरह से गाइड कर सकते हैं। वो हमें भी काफी मोटिवेट करते हैं।”
इस सीजन टीम से उम्मीद
हरियाणा स्टीलर्स की टीम पिछले दो सीजन से उतना अच्छा खेल नहीं दिखा पा रही है और पिछली बार तो टीम प्लेऑफ में भी नहीं जा पाई थी। हालांकि मोहित को उम्मीद है कि इस बार टीम जरूर फाइनल तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा “हमारे पिछले दो सीजन उतने अच्छे नहीं गए थे लेकिन इस बार हम काफी अच्छी तैयारी के साथ आए हैं। हर एक प्लेयर का इस बार एक ही टारगेट है कि टीम को फाइनल में लेकर जाना है। “
मनप्रीत सिंह की कोचिंग में खेलने का एक्सपीरियंस
मनप्रीत सिंह पिछले सीजन से हरियाणा स्टीलर्स के कोच हैं। इससे पहले उन्होंने अपनी कोचिंग में गुजरात जायंट्स को दो बार फाइनल में पहुंचाया था और अब वो हरियाणा के हेड कोच हैं। मोहित नांदल ने मनप्रीत की कोचिंग को लेकर भी प्रतिक्रिया दी और कहा “मनप्रीत सिंह एक ऐसे कोच हैं जो खिलाड़ियों को हमेशा उत्साहित रखते हैं और उनके अंदर जोश बनाए रखते हैं। वो हमें कहते हैं कि अपने गेम का लुत्फ उठाओ। चाहे प्रैक्टिस हो या मैच, हर जगह अपने गेम को इंज्वॉय करो। मैदान में अपना 100 प्रतिशत दो।”
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
