हरियाणा स्टीलर्स vs जयपुर पिंक पैंथर्स मैच प्रीव्यू, स्टार्टिंग सेवन, मुफ्त में मैच कहां और कैसे देखें
डिफेंडिंग चैंपियन लगभग एक हफ्ते के बाद मुकाबला खेलेंगे।
प्रो कबड्डी लीग के 10वें सीजन (PKL 10) का 54वां मुकाबला हरियाणा स्टीलर्स और जयपुर पिंक पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। हरियाणा स्टीलर्स ने अभी तक आठ मुकाबले खेले हैं, जिसमें से पांच मैच में उन्हें जीत मिली है और तीन मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। टीम को अपने पिछले मैच में पटना पाइरेट्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था और वो चाहेंगे कि जयपुर पिंक पैंथर्स को हराकर वापसी की जाए।
वहीं डिफेंडिंग चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स की अगर बात करें तो उन्होंने अभी तक आठ में से चार मुकाबले जीते हैं और दो मैचों में उन्हें हार मिली है। वहीं दो मुकाबला उनका टाई रहा है। आइए जानते हैं इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों का कॉम्बिनेशन क्या रह सकता है और कौन सा खिलाड़ी कमाल कर सकता है।
PKL 10: हरियाणा स्टीलर्स का स्क्वाड
हरियाणा स्टीलर्स की टीम अभी तक काफी अच्छा खेल दिखा रही थी लेकिन पिछले मैच में पटना के खिलाफ जिस तरह से उन्हें हार मिली, उससे काफी बड़ा झटका लगा होगा। हरियाणा की टीम जब डिफेंस में अच्छा खेल दिखाती है, तभी उन्हें जीत मिली है और जिस दिन उनका डिफेंस लय में नहीं होता है, उस दिन टीम बिखरी-बिखरी सी नजर आती है। मोहित नांदल और जयदीप दहिया को डिफेंस में दमखम दिखाना होगा। देखने वाली बात होगी कि कोच मनप्रीत सिंह इस मुकाबले के लिए किस तरह से अपने डिफेंस को सेट कर पाते हैं।
हरियाणा स्टीलर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
विनय, जयदीप दहिया, मोहित नांदल, के प्रपंजन, सिद्धार्थ देसाई, राहुल सेतपाल और मोहित।
PKL 10: जयपुर पिंक पैंथर्स का स्क्वाड
जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम इस पीकेएल सीजन काफी जबरदस्त तरीके से खेल रही है। टीम की सबसे अच्छी बात ये है कि वो दबाव वाली परिस्थितियों में बेहतर खेल दिखा रहे हैं। अभी तक उनके दो या तीन मैच ऐसे हुए हैं, जिसमें उन्होंने मैच में काफी पीछे होने के बावजूद बेहतरीन तरीके से कमबैक करके जीत हासिल की है। दबंग दिल्ली के खिलाफ पिछले मैच में टीम एक समय काफी पीछे थी लेकिन इसके बावजूद बेहतरीन वापसी करते हुए मुकाबला ड्रॉ करा लिया था। टीम के साथ ऐसा नहीं है कि सिर्फ एक ही खिलाड़ी काफी जबरदस्त कर रहा है, बल्कि हर एक सदस्य अपना योगदान दे रहा है।
जयपुर पिंक पैंथर्स की संभावित स्टार्टिंग सेवन:
अर्जुन देशवाल, सुनील कुमार, रीजा मीरबाघेरी, वी अजीत, साहुल कुमार, लकी शर्मा और अंकुश।
इन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें
हरियाणा स्टीलर्स के लिए मोहित नादंल, जयदीप दहिया और शिवम पटारे जैसे खिलाड़ी काफी अहम साबित हो सकते हैं। वहीं राहुल सेतपाल के ऊपर भी सबकी निगाहें होंगी, क्योंकि पिछले दो मैचों से उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए अर्जुन देशवाल और डिफेंस में अंकुश काफी अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।
सफलता का मंत्र
हरियाणा स्टीलर्स की जीत के लिए जरूरी है कि उनके दोनों कवर्स यानि मोहित नांदल और जयदीप दहिया बेहतर खेल दिखाएं। राहुल सेतपाल राइट कॉर्नर पर अच्छा कर रहे हैं लेकिन दोनों कवर्स को योगदान देना होगा और तभी टीम जीत हासिल कर सकती है। वहीं जयपुर पिंक पैंथर्स की जीत के लिए जरुरी है कि उनका डिफेंस हरियाणा के रेडर्स के खिलाफ अटैक करे। इससे उन्हें काफी फायदा मिल सकता है।
दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड आंकड़े
हरियाणा स्टीलर्स ने अभी तक एक बार भी पीकेएल का टाइटल नहीं जीता है, वहीं जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम दो बार टाइटल जीत चुकी है। दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड मुकाबलों में भी जयपुर पिंक पैंथर्स की टीम हरियाणा स्टीलर्स से काफी आगे रही है। अभी तक दोनों टीमों के बीच आपस में कुल मिलाकर 12 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से सिर्फ तीन मैच में हरियाणा स्टीलर्स को जीत मिली है, वहीं जयपुर पिंक पैंथर्स ने सात मुकाबलों में जीत हासिल की है। दो मुकाबला दोनों टीमों के बीच टाई रहा है। हरियाणा की टीम चाहेगी कि इस बार पैंथर्स को हराकर इस रिकॉर्ड में सुधार लाया जाए।
क्या आप जानते हैं?
पटना पाइरेट्स के अलावा जयपुर पिंक पैंथर्स एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने एक से ज्यादा बार पीकेएल का टाइटल जीता है। पटना ने तीन और जयपुर ने दो बार ये ट्रॉफी अपने नाम की है।
हरियाणा स्टीलर्स और जयपुर पिंक पैंथर्स के बीच मैच आप कहां देख सकते हैं ?
दोनों टीमों के बीच आप ये मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा हॉटस्टार पर भी मुकाबलों का प्रसारण होगा।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
