PKL के पांच सितारे जो यूपी कबड्डी लीग (UPKL) में ले रहे हैं हिस्सा
कई पीकेएल स्टार यूपी कबड्डी लीग में अपना जलवा बिखेर रहे हैं।
पीकेएल की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में यूपी कबड्डी लीग का आगाज हो गया है। 25 अगस्त तक हर रोज कई जबरदस्त मुकाबले खेले जाएंगे। इस लीग में कुल 8 टीम हिस्सा ले रही हैं। यमुना योद्धा, नोएडा निन्जा, काशी किंग्स, अवध रामदूत, ब्रिज स्टार्स, संगम चैलेंजर्स, अयोध्या वॉरियर्स और गंगा किंग्स ऑफ मिर्ज़ापुर जैसी टीम इस लीग में खेल रही हैं।
यूपी कबड्डी लीग में केवल लोकल खिलाड़ी ही नहीं बल्कि कई सारे मशहूर प्लेयर भी हिस्सा ले रहे हैं। पीकेएल के कुछ स्टार ऐसे हैं जो इस लीग का हिस्सा हैं। इन्होंने पीकेएल में अपना जलवा दिखाया था और अब यूपी कबड्डी लीग में भी अपना जौहर दिखा रहे हैं।अब हम आपको बताते हैं कि इस लीग में पीकेएल के कौन-कौन से पांच बड़े प्लेयर हिस्सा ले रहे हैं।
5. हरेंद्र कुमार – काशी किंग्स
हरेंद्र कुमार एक बेहतरीन डिफेंडर हैं। वो प्रो कबड्डी लीग में यूपी योद्धा के लिए खेलते थे। लेफ्ट कवर पर खेलते हुए हरेंद्र ने कई मैचों में टीम के लिए अहम योगदान दिया था। उन्होंने 15 मैच में 15 टैकल प्वॉइंट लिए थे और एक हाई फाइव भी लगाया था। इससे पहले 9वें सीजन में भी वो यूपी योद्धा का हिस्सा थे और तब उन्होंने टीम के लिए कुल मिलाकर 21 मैच खेले थे और इस दौरान 26 प्वॉइंट लिए थे। सातवां और आठवां सीजन भी उन्होंने यूपी योद्धा के लिए खेला था। अब यूपी कबड्डी लीग में वो काशी किंग्स के लिए खेल रहे हैं।
4. रॉबिन चौधरी – ब्रिज स्टार्स
रॉबिन चौधरी ने पीकेएल के 10वें सीजन के दौरान अपना डेब्यू किया था। इस दौरान तेलुगु टाइटंस की तरफ से खेलते हुए उन्होंने काफी ज्यादा प्रभावित किया था। उन्होंने ओवरऑल अपनी टीम के लिए 18 मैच खेले थे और इस दौरान कुल 55 रेड प्वॉइंट हासिल किए थे। तेलुगु टाइटंस का प्रदर्शन पीकेएल के 10वें सीजन के दौरान काफी खराब रहा था लेकिन युवा प्लेयर के तौर पर रॉबिन चौधरी ने काफी प्रभावित किया था। वो यूपीकेएल में ब्रिज स्टार्स का हिस्सा हैं।
3. आशु सिंह – अवध रामदूत
राइट कवर डिफेंडर आशु सिंह भी पीकेएल का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने यूपी योद्धा के लिए 10वें सीजन के दौरान कुल मिलाकर 18 मैच खेले थे और 22 प्वॉइंट हासिल किए थे। हालांकि इससे पहले 9वें सीजन के दौरान उनका परफॉर्मेंस काफी शानदार रहा था, जब उन्होंने 23 मैच में 49 टैकल प्वॉइंट हासिल किए थे। जबकि आठवें सीजन के दौरान भी 23 मैच में 53 टैकल प्वॉइंट लिए थे। यूपी कबड्डी लीग में आशु सिंह अवध रामदूत टीम का हिस्सा हैं।
2. साहुल कुमार – काशी किंग्स
साहुल कुमार प्रो कबड्डी लीग के दिग्गज डिफेंडर्स में से एक हैं जो पहले सीजन से ही खेल रहे हैं। 9वें सीजन के दौरान जयपुर पिंक पैंथर्स को चैंपियन बनाने में उनका अहम योगदान रहा था। उन्होंने इस सीजन कुल मिलाकर 24 मैच खेले थे और 57 टैकल प्वॉइंट हासिल किए थे। जबकि 10वें सीजन के दौरान भी उन्होंने 21 मैच में 39 प्वॉइंट हासिल किए थे। उन्होंने 5 सुपर टैकल इस दौरान किया था। यूपीकेएल में साहुल कुमार काशी किंग्स टीम का हिस्सा हैं और राइट कॉर्नर में टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे।
1. अर्जुन देशवाल – लखनऊ लॉयंस
अर्जुन देशवाल कबड्डी की दुनिया में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने 9वें सीजन के दौरान जयपुर पिंक पैंथर्स को पीकेएल का चैंपियन बनाने में बहुमूल्य योगदान दिया था। उस सीजन अर्जुन देशवाल ने 24 मैच में 296 प्वॉइंट हासिल किए थे। वो सीजन में सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट हासिल करने वाले रेडर रहे थे।
जबकि 10वें सीजन के दौरान भी उनका प्रदर्शन काफी जबरदस्त रहा था। अर्जुन देशवाल ने 23 मैच में 278 प्वॉइंट हासिल किए थे और आशु मलिक के साथ संयुक्त रूप से सीजन के सबसे ज्यादा रेड प्वॉइंट वाले रेडर रहे थे। अर्जुन देशवाल भी यूपी कबड्डी लीग में हिस्सा ले रहे हैं। वो लखनऊ लायंस की टीम का हिस्सा हैं।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.
